उत्तराखंड में अगले तीन घंटे भारी बारिश का अलर्ट, इन 6 जिलों में यलो चेतावनी

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। रुद्रप्रयाग जिले में मलबा आने के कारण केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया है। मार्ग बंद होने के चलते जिला प्रशासन ने केदारनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को विभिन्न पड़ावों पर ही रोक दिया है।
प्रशासन की ओर से मार्ग को सुचारु करने के लिए मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
इधर, मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन घंटों के दौरान मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा के साथ कहीं-कहीं गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर भी देखने को मिल सकते हैं।
मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। इन छह जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार बारिश के बीच पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बंद होने की घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की है।








