उत्तराखंड में बारिश का असर, 108 सड़कें बंद होने से कई इलाकों का संपर्क प्रभावित

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में पिछले पांच दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहा। नैनीताल में सुबह से तेज बारिश हो रही है, जबकि मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर की संभावना जताई गई है।
बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने से सड़कों पर भी असर पड़ा है। प्रदेशभर में 108 सड़कें बंद हैं, जिससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
नैनीताल में सबसे ज्यादा 23 सड़कें बंद
बारिश और भूस्खलन के चलते नैनीताल जिले में सबसे ज्यादा 23 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा चमोली में 16, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 11-11, टिहरी में 10, अल्मोड़ा और रुद्रप्रयाग में 8-8, उत्तरकाशी में 7, पौड़ी में 6, देहरादून में 5 और चंपावत में एक सड़क बंद है।
सड़कों के बाधित होने से कई ग्रामीण इलाकों का संपर्क प्रभावित हो गया है। कुछ स्थानों पर लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।
उफनते गधेरे में बाइक सवार का बिगड़ा संतुलन, बाल-बाल बची जान
बारिश के बीच बागेश्वर जिले के कपकोट-असो मार्ग पर गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। असो के पास उफनते गधेरे को पार करते समय एक बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया। बाइक अनियंत्रित होते ही सवार दूर जा गिरा।
गनीमत रही कि वह गधेरे के तेज बहाव की चपेट में नहीं आया और सुरक्षित बच गया। घटना के बाद एक बार फिर बारिश के दौरान उफनते नालों और गधेरों को पार करने के खतरे को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत महसूस की जा रही है।
अगले तीन दिन भी बारिश का अलर्ट
5 सितंबर: देहरादून, हरिद्वार और पौड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर की संभावना है।
6 सितंबर: बागेश्वर, नैनीताल और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट है। वहीं, प्रदेशभर में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
7 सितंबर: बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश के तेज से अति तेज दौर की आशंका बनी हुई है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को भूस्खलन संभावित इलाकों और उफनते नालों से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।








