उत्तराखंड- यहाँ गुलदार की दहशत, कई स्कूलों में आज छुट्टी; दो महिलाओं पर हमले के बाद लिया गया फैसला

उत्तराखंड- क्षेत्र में गुलदार की बढ़ती आवाजाही और उसके हमले की घटनाओं को देखते हुए शिक्षा विभाग ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर यमकेश्वर क्षेत्र के कई विद्यालयों में 10 सितंबर को अवकाश घोषित कर दिया है। अवकाश के दौरान संबंधित विद्यालयों में ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी यमकेश्वर कुशाल सिंह तोलिया के अनुसार, क्षेत्र में गुलदार की लगातार आवाजाही की सूचनाएं मिलने के बाद छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
अवकाश प्राथमिक विद्यालय बडोली बड़ी, जामल, रणचूला, उमरोली, दमराड़ा, कांडा, मंजेड़ा, आवई, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जिया दमराड़ा और जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर में घोषित किया गया है।
प्रशासन को मिली रिपोर्ट में क्षेत्र में गुलदार द्वारा दो महिलाओं पर हमला किए जाने का भी उल्लेख किया गया है। राजस्व उप निरीक्षक देवाशीष की ओर से दी गई आख्या में गुलदार की गतिविधियों और हमले की घटनाओं की जानकारी दी गई है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य बडोली बड़ी विजयपाल सिंह, संबंधित ग्राम प्रधानों और विद्यालय प्रबंधन की ओर से भी विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों में अवकाश रखने का प्रस्ताव दिया गया था। इसके बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित विद्यालयों में 10 सितंबर को छुट्टी घोषित करने का निर्णय लिया।
गुलदार की मौजूदगी से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से गुलदार को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।








