काशीपुर में अवैध मदरसों पर बड़ा एक्शन, दो मदरसे किए गए सील; प्रबंधकों को सख्त चेतावनी

काशीपुर न्यूज़-शहर में बिना मान्यता संचालित हो रहे मदरसों के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को संयुक्त टीम ने कटोराताल चौकी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाकर दो मदरसों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विपिन सिंह कंडारी और काशीपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र चौधरी पुलिस बल के साथ अवैध रूप से संचालित हो रहे मदरसों की जांच के लिए पहुंचे। टीम ने कटोराताल चौकी क्षेत्र में संचालित ‘मदरसा मो0 हनीफ सिद्धकी’ और ‘कासिफ उल उलूम’ की जांच की।
जांच के दौरान दोनों मदरसे बिना मान्यता संचालित पाए गए। इसके बाद तहसीलदार की मौजूदगी में प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दोनों मदरसों को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर दोनों मदरसों के प्रबंधक मौ. रफीक और शमीम अहमद मौजूद रहे।
प्रशासन की टीम ने दोनों प्रबंधकों को सख्त चेतावनी दी कि सील किए गए मदरसों को दोबारा अवैध रूप से संचालित करने की कोशिश की गई तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई को देखते हुए मौके पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुंडा, आईटीआई और जसपुर थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था।
एएसपी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से संचालित संस्थानों को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।






