उत्तराखण्डकुमाऊं,

कुमाऊं में ऑरेंज अलर्ट से प्रशासन अलर्ट, आयुक्त दीपक रावत ने जिलाधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश

हल्द्वानी न्यूज़- कुमाऊं मंडल में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंडल के सभी छह जिलाधिकारियों को एहतियातन पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

 

 

आयुक्त ने नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों के प्रशासन को आपदा की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिलों में जिला आपदा कंट्रोल रूम के साथ तहसील और ब्लॉक स्तर के कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रखे जाएं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट,

 

 

उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं। इनमें लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, एनएच, सिंचाई, विद्युत, पेयजल निगम, ब्रिडकुल और ग्रामीण निर्माण विभाग समेत अन्य विभाग शामिल हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में जेसीबी मशीनों के साथ पर्याप्त मैनपावर की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि सड़क बंद होने या अन्य आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने किए 3.36 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास व उद्घाटन

 

 

संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश

आयुक्त ने कहा कि नदी, नालों और गधेरों के किनारे रहने वाले लोगों के साथ ही भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को आवश्यकता पड़ने पर समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। किसी भी प्रकार की आपदा की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

 

उन्होंने अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और स्थानीय स्तर पर भी सतर्कता बरतने को कहा है। साथ ही सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण पर कल सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई, सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने किया फ्लैग मार्च

 

 

लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

कुमाऊं आयुक्त ने आम जनता से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नदी-नालों और उफनते गधेरों को पार करने का जोखिम न उठाने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।