गौला नदी में नहाते समय 17 वर्षीय किशोर तेज बहाव में बहा, पुलिस-SDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

हल्द्वानी न्यूज़- काठगोदाम क्षेत्र के भुजियाघाट में शनिवार को गौला नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रामपुर रोड निवासी 17 वर्षीय किशोर आदित्य टम्टा अचानक पैर फिसलने के बाद नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश शुरू कर दी। वहीं, SDRF और फायर ब्रिगेड की टीमें भी सर्च ऑपरेशन में जुट गई हैं।
जानकारी के अनुसार, रामपुर रोड निवासी अशोक टम्टा का 17 वर्षीय पुत्र आदित्य टम्टा शनिवार को भुजियाघाट क्षेत्र में गौला नदी में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही काठगोदाम थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और नदी में किशोर की तलाश शुरू की। इसके बाद SDRF और फायर ब्रिगेड की टीमों को भी सर्च अभियान में लगाया गया। राहत एवं बचाव दल नदी के आसपास संभावित स्थानों और बहाव वाले क्षेत्रों में लगातार किशोर की तलाश कर रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलने के बाद किशोर के परिजनों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस और राहत दल की टीमें आदित्य टम्टा को तलाशने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।








