संत रविदास जयंती के बाद बिनारसी गांव में खूनी संघर्ष, फायरिंग में युवक की मौत, दो गंभीर घायल

रुड़की न्यूज– संत रविदास जयंती की शोभायात्रा समाप्त होते ही भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव में अचानक हालात बेकाबू हो गए। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के आमने-सामने आने के बाद पहले जमकर पथराव हुआ और फिर ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। फायरिंग की इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
रविवार को संत रविदास जयंती के अवसर पर गांव में शोभायात्रा निकाली गई थी। शोभायात्रा के दौरान एससी समाज के दो पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। उस समय मौजूद लोगों ने मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में विवाद ने उग्र रूप ले लिया।
पथराव के बाद चली गोलियां, गांव में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ। इसके बाद अचानक फायरिंग शुरू हो गई, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। गोली लगने से 20 वर्षीय आनंद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य युवकों को भी गोली लगने की सूचना है। दोनों को गंभीर हालत में रुड़की के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
आरोपी के घर पर तोड़फोड़ और आगजनी की सूचना
फायरिंग के बाद गुस्साए लोगों ने गोली चलाने के आरोपी युवक के घर पर तोड़फोड़ की। आगजनी की भी सूचना सामने आई है। हालांकि पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
SP देहात मौके पर, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक देहात कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है और लगातार गश्त की जा रही है, ताकि हालात दोबारा न बिगड़ें।
पुलिस के अनुसार, फायरिंग करने वाले आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








