नैनीताल में हीटवेव का असर, हल्द्वानी-रामनगर समेत तीन ब्लॉकों के स्कूलों का समय बदला

नैनीताल न्यूज़- भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रहे हीटवेव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर जनपद के विकासखंड हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग क्षेत्र के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। यह आदेश 22 मई 2026 से अग्रिम आदेशों तक प्रभावी रहेगा।
जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों पर लागू नहीं होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बढ़ती गर्मी और हीटवेव के कारण छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि सभी विद्यालय निर्धारित नई समयसारिणी के अनुसार ही संचालित किए जाएंगे और आदेश का तत्काल प्रभाव से पालन सुनिश्चित किया जाए। शिक्षा विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का सख्ती से अनुपालन कराया जाए।
प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चे तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पीते रहें और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए आने वाले दिनों में प्रशासन की ओर से आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।









