ईरान-इजरायल युद्ध का असर: रसोई गैस महंगी, घरेलू सिलिंडर के दाम बड़े

ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध का असर अब भारत में रसोई गैस की कीमतों पर भी दिखने लगा है। अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है। चंपावत जिले में घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलिंडरों के दामों में 25 रुपये से लेकर 142 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
चंपावत इंडेन गैस वितरण केंद्र के प्रबंधक डीएस रावत ने बताया कि बढ़ी हुई कीमतें 7 मार्च से लागू कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर के दाम में 60 रुपये की वृद्धि की गई है।
अब घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत 890.50 रुपये से बढ़कर 950.50 रुपये हो गई है। वहीं 10 किलोग्राम का घरेलू कंपोजिट सिलिंडर 643.50 रुपये से बढ़कर 668 रुपये का हो गया है।
इसके अलावा व्यवसायिक सिलिंडरों की कीमतों में भी भारी बढ़ोतरी हुई है। 19 किलोग्राम वाले व्यवसायिक गैस सिलिंडर के दाम में 141.50 रुपये की वृद्धि की गई है। पहले यह सिलिंडर 1859 रुपये में मिलता था, जो अब बढ़कर 2001.50 रुपये का हो गया है।
डीएस रावत के अनुसार, जिले में करीब 60 हजार से अधिक गैस उपभोक्ताओं को अब पहले की तुलना में ज्यादा कीमत चुकाकर रसोई गैस खरीदनी पड़ेगी। अगर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी तनाव जल्द खत्म नहीं हुआ तो आने वाले समय में कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना भी बनी हुई है।








