बिंदुखत्ता में किसान ने फांसी लगाकर दी जान, पारिवारिक तनाव बताया जा रहा कारण खबर:

लालकुआं न्यूज़- निकटवर्ती क्षेत्र बिंदुखत्ता के 17 एकड़ शास्त्री नगर में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 51 वर्षीय कृषक पूरन सिंह बिष्ट ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरन सिंह बिष्ट अपने भाई के साथ रह रहे थे। शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस की मौजूदगी में जब कमरे का कुंडा तोड़ा गया तो पूरन सिंह बिष्ट फंदे से लटके मिले।
परिजनों ने तत्काल उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि मृतक लंबे समय से पारिवारिक कारणों के चलते मानसिक तनाव में थे। परिजनों के अनुसार उनकी पत्नी वर्ष 2014 में मायके चली गई थी और बच्चे भी उनके साथ ही रह रहे थे, जिससे वह अवसाद में रहने लगे थे।
मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अवसाद के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।








