देहरादून: पटेलनगर में कैफे के बाहर युवती से मारपीट, चापड़ से हमले की पुष्टि नहीं; मेडिकल में ब्लंट ऑब्जेक्ट से चोट

देहरादून न्यूज़– पटेलनगर थाना क्षेत्र के चंद्रबनी चौक स्थित एक कैफे के बाहर 4 फरवरी की रात युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में युवती के माथे और आईब्रो पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे दून अस्पताल में भर्ती कराया गया।डॉक्टरों ने युवती के माथे पर 6 टांके लगाए हैं।
घटना को लेकर शुरुआत में चापड़ से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया था, हालांकि मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने धारदार हथियार से हमले की बात से इनकार किया है। अब पीड़िता के भाई ने भी कहा है कि “पुलिस जो कह रही है वही सही है।”
FIR के मुताबिक क्या हुआ, 3 प्वॉइंट्स में समझिए
1. कैफे में हुआ विवाद
कोतवाली पटेलनगर में दी गई शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता पीयूष जोशी ने बताया कि उसकी 18 वर्षीय बहन माही अपने कुछ साथियों के साथ चंद्रबनी चौक स्थित एक कैफे में गई थी। वहां पहले से मौजूद आयुष रावत, सूरज राणा और हिमांशु से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
2. गाली-गलौज के बाद मारपीट
FIR में कहा गया है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने माही के साथ गाली-गलौज की और फिर कैफे के बाहर सड़क पर मारपीट शुरू हो गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तीनों आरोपी एक साथ थे और उन्होंने मिलकर मारपीट की।
3. चापड़ से हमले का आरोप
शिकायतकर्ता ने तहरीर में आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने चापड़ से माही के सिर पर हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने चापड़ से हमले के आरोप को बताया गलत
देहरादून की एसपी (देहात) जया बलूनी ने बताया कि 4 फरवरी की रात पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि चंद्रबनी चौक के पास एक कैफे में दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
जांच में सामने आया कि एक पक्ष में युवती माही और उसके साथी थे, जबकि दूसरे पक्ष में आयुष रावत और उसके साथी शामिल थे। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले कैफे के अंदर विवाद हुआ, जिसके बाद बाहर सड़क पर मारपीट हो गई।
मेडिकल रिपोर्ट में क्या आया सामने
पुलिस के मुताबिक, मारपीट के दौरान माही को सिर में चोट आई और उसे इलाज के लिए दून अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल रिपोर्ट में किसी भी धारदार हथियार से चोट लगने की पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट में चोट हार्ड और ब्लंट ऑब्जेक्ट से लगना बताया गया है।
इसके साथ ही मेडिकल रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि घटना के समय युवती ने शराब का सेवन किया हुआ था।
पटेलनगर के एसएचओ चंद्रभान ने बताया कि लड़ाई के दौरान संभवतः कोई पत्थर उछलकर युवती के माथे पर लगा, जिससे उसे चोट आई।
तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, तलाश जारी
युवती के भाई की शिकायत के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1) और 352 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
एसपी देहात के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके घरों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर चापड़ से हमले की जो खबरें चल रही हैं, वे भ्रामक हैं, क्योंकि मेडिकल रिपोर्ट में धारदार हथियार से चोट की पुष्टि नहीं होती।








