हल्द्वानी : अभिभावकों का शोषण करने वाले सभी निजी स्कूलों पर हो कार्यवाही, केवल 17 विद्यालयों पर कार्रवाई काफी नहीं : हेमंत साहू

हल्द्वानी न्यूज़– प्रदेश में निजी विद्यालयों की मनमानी और अभिभावकों के आर्थिक शोषण को लेकर युवा कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि उत्तराखंड के कई निजी विद्यालय अभिभावकों का लगातार शोषण कर रहे हैं, लेकिन बच्चों के भविष्य की चिंता के कारण अधिकांश अभिभावक खुलकर विरोध नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से निजी स्कूलों के खिलाफ गोपनीय शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जो बेहद गंभीर विषय है। साहू ने मांग की कि जहां-जहां ऐसी शिकायतें मिल रही हैं, वहां तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए जाएं, ताकि निजी विद्यालयों की मनमानी पर रोक लगाई जा सके।
हेमन्त साहू ने कहा कि केवल 17 निजी स्कूलों पर कार्रवाई कर देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। सरकार को पूरे प्रदेश के सभी निजी विद्यालयों पर समान रूप से सख्ती लागू करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हल्द्वानी समेत उत्तराखंड के कई निजी स्कूल “लूट केंद्र” बन चुके हैं, जहां अभिभावकों पर लगातार आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में महंगी किताबें, अनावश्यक शुल्क और अन्य खर्चों के नाम पर अभिभावकों से मनमानी वसूली की जा रही है। इससे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों पर भारी दबाव पड़ रहा है।
अंत में युवा कांग्रेस नेता ने सरकार और प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ठोस नीति बनाने और सख्त कदम उठाने की मांग की, ताकि अभिभावकों को राहत मिल सके और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।








