इज्जतनगर रेलवे समिति में गूंजी कुमाऊं की आवाज, काशीपुर-धामपुर रेल लाइन, वंदे भारत, कामाख्या ट्रेन और लालकुआं एस्केलेटर की मांग उठी

लालकुआं न्यूज़- पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल, बरेली में मंगलवार को आयोजित मंडलीय रेलवे समिति की बैठक में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से जुड़ी लंबित रेल परियोजनाओं, नई ट्रेनों और यात्री सुविधाओं के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट की अनुपस्थिति में उनके अधिकृत प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती ने बैठक में क्षेत्र का पक्ष रखते हुए विभिन्न मांगों से रेलवे प्रशासन को अवगत कराया।
बैठक की अध्यक्षता बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार ने की। सांसद अजय भट्ट पूर्व निर्धारित शासकीय कार्यक्रमों के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके।
उनकी ओर से प्रतिनिधित्व करते हुए लक्ष्मण सिंह खाती ने काशीपुर-धामपुर नई रेल लाइन, सितारगंज क्षेत्र की प्रस्तावित रेल परियोजना के सर्वेक्षण, किच्छा-खटीमा रेलखंड तथा हल्द्वानी, काठगोदाम, लालकुआं, रुद्रपुर, काशीपुर, किच्छा, सितारगंज और खटीमा रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यों की प्रगति का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर स्वीकृति के लिए अग्रसारित किए जाएं, जिससे क्षेत्र की जनता को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बैठक में काठगोदाम से दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस तथा काठगोदाम से कामाख्या तक नई रेल सेवा शुरू करने की भी मांग की। साथ ही लालकुआं रेलवे स्टेशन पर स्थापित एस्केलेटर का लंबे समय से संचालन शुरू नहीं होने का मामला उठाते हुए इसे शीघ्र चालू कराने का आग्रह किया। उनका कहना था कि एस्केलेटर शुरू होने से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
बैठक के दौरान सांसद अजय भट्ट की ओर से लक्ष्मण सिंह खाती ने पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर को क्षेत्र की विभिन्न रेल परियोजनाओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों का विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा। महाप्रबंधक ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक के समापन पर महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
बैठक में विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के सांसद, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा मंडलीय रेलवे समिति के सदस्य मौजूद रहे।








