उत्तराखंड में मानसून का कहर: 7 जिलों में अगले 24 घंटे के लिए अत्यधिक भारी बारिश का हाई इंटेंसिटी अलर्ट, प्रशासन सतर्क

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून ने आक्रामक रुख अपना लिया है। लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने राज्य के सात जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा (हाई इंटेंसिटी रेनफॉल) का अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चम्पावत जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
भारी बारिश को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। खासकर नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि लगातार बारिश के चलते भूस्खलन, सड़कें बंद होने, जलभराव और नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ने का खतरा बना हुआ है।
राज्य सरकार ने सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में आपदा राहत एवं बचाव दलों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं और पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताज़ा जानकारी अवश्य प्राप्त करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए आने वाले समय में कई जिलों में स्थिति चुनौतीपूर्ण रह सकती है।








