नैनीताल- (ब्रेकिंग) सट्टे में 3 हजार हारने पर किशोर ने खाया जहर, मौत से पहले वीडियो में दोस्त पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
सरपंच के बेटे की मौत से इलाके में सनसनी, परिवार ने दोस्त पर जुआ खिलाने और धमकी देने का लगाया आरोप

कोटाबाग (नैनीताल)- नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र स्थित कोटाबाग में सट्टे और पैसों के विवाद ने एक किशोर की जान ले ली। ग्राम प्रधान (सरपंच) के 17 वर्षीय बेटे ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जगदीश पुत्र धन सिंह बिष्ट थपालिया के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

बताया जा रहा है कि जगदीश सट्टे और जुए की लत में फंस गया था। इसी दौरान वह अपने एक दोस्त से करीब 3 हजार रुपये हार गया। आरोप है कि पैसों को लेकर उसका दोस्त लगातार उस पर दबाव बना रहा था और उसे प्रताड़ित कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, मरने से पहले जगदीश का एक वीडियो बनाया गया, जिसमें उसने अभय गुप्ता नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में जगदीश कहता नजर आ रहा है कि अभय उसे जुआ खेलने के लिए मजबूर करता था और पैसे हारने के बाद उसके साथ मारपीट भी की गई। इतना ही नहीं, उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पिता धन सिंह बिष्ट थपालिया गजा क्षेत्र के सरपंच बताए जा रहे हैं। परिवार ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने वीडियो को भी जांच में शामिल कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जाएगी।
फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और आरोपित युवक से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…








