कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेज, अक्टूबर तक हर हाल में पूरे हों सभी कार्य: सीएम धामी

देहरादून न्यूज़– मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी निर्माण और व्यवस्थागत कार्य अक्टूबर माह तक हर हाल में पूर्ण किए जाएं, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरे हों और उनकी गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। शासन स्तर पर कुंभ से संबंधित कोई भी फाइल लंबित न रहे। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता भव्य, दिव्य और सुरक्षित कुंभ आयोजन है।
मुख्यमंत्री ने तकनीकी पदों पर अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने, कुंभ क्षेत्र में बने सभी पुलों का ऑडिट कराने तथा सभी घाटों के सौंदर्यीकरण और आवश्यकता अनुसार पुनर्निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर की पैड़ी के साथ-साथ अन्य सभी घाटों पर भी श्रद्धालुओं के लिए स्नान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र में प्रमुख स्थानों पर शौचालय, पेयजल और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल, जल पुलिस, ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही कानून व्यवस्था, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन के लिए अलग से विस्तृत योजना बनाने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में विभिन्न अखाड़ों को समय पर भूमि आवंटन किया जाए और इसकी मॉनिटरिंग स्वयं मेला अधिकारी करें। उन्होंने सभी अखाड़ों, मठों, संत समाज, संस्थाओं, समितियों और स्थानीय लोगों से समन्वय बनाकर उनके सुझावों के अनुरूप तैयारियां करने को कहा। श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
वन संबंधी मामलों में शीघ्र अनुमति लेने, अन्य राज्यों से समन्वय स्थापित करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि कुंभ से जुड़े सभी विकास कार्य केवल कागजों में नहीं, बल्कि धरातल पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई दें। मुख्यमंत्री ने आवास, टेंट सिटी, अस्थायी अस्पताल, एम्बुलेंस और मोबाइल चिकित्सा दल की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला हमारी संस्कृति, आस्था और करोड़ों श्रद्धालुओं से जुड़ा महाआयोजन है। इसे सफल बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है, ताकि यहां आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु उत्तराखंड से एक अच्छा और यादगार अनुभव लेकर जाए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, रेनू बिष्ट, अनुपमा रावत, रवि बहादुर, उत्तराखंड अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख सचिव एल. फैनई, आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, नितेश झा, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








