उत्तराखंड में बारिश का कहर: आज 3 जिलों में रेड अलर्ट, अगले 3 दिन भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे से राज्य के अधिकांश जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। रविवार सुबह नैनीताल और देहरादून सहित कई क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के अनुसार नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अल्मोड़ा और चमोली जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अति तीव्र बारिश के दौर पड़ सकते हैं। लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से परहेज करने की अपील की गई है।
अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान
20 जुलाई:
देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के कुछ क्षेत्रों में अत्यंत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी और पौड़ी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
21 जुलाई:
देहरादून और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट रहेगा। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी रुक-रुककर बारिश जारी रहने का अनुमान है।
22 जुलाई:
22 जुलाई को भी उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग की सलाह:
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने नागरिकों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने, नदी-नालों से दूर रहने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा अत्यावश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।








