उत्तराखंड में आज से फिर बारिश का दौर, 6 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट; अगले 3 दिन भी बरसेंगे बादल

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की संभावना है। अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बौछारें पड़ने का अनुमान है। वहीं देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है। पहाड़ी जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और कम समय में तेज से अति तीव्र बारिश होने की आशंका जताई गई है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
8 जुलाई:
प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बौछारों का दौर जारी रहने की संभावना है।
9 जुलाई:
मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। अधिकांश जिलों में बारिश होने के साथ कुछ स्थानों पर तेज वर्षा, आकाशीय बिजली और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी रहेगी।
10 जुलाई:
कुमाऊं मंडल के अधिकांश जिलों में तथा गढ़वाल मंडल के अनेक क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना है।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करने और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों पर न रुकने की अपील की है। पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।








