अप्रैल में लौटी कड़ाके की ठंड: केदारनाथ में बर्फबारी, बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट; गेहूं की फसल गिरी, चारधाम तैयारी प्रभावित

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में अप्रैल माह में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और लोगों को जनवरी जैसी ठंड का अहसास होने लगा है। मंगलवार रात से प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फबारी और मूसलधार बारिश का दौर जारी है। केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी हो रही है, जबकि देहरादून समेत पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान गिरने से लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं।
बारिश और बर्फबारी के चलते 19 अप्रैल से शुरू होने वाली गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ प्रारंभ होने वाली चारधाम यात्रा की तैयारियों पर भी असर पड़ने लगा है। लगातार खराब मौसम के कारण प्रशासन और यात्रा से जुड़े कार्यों में देरी की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। खराब मौसम से फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।
बारिश के साथ हवा से गेहूं की फसल गिरी, बाजारों में सन्नाटा
विकासनगर क्षेत्र के पछवादून और जौनसार-बावर में लगातार हो रही बारिश से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। मंगलवार रात से शुरू हुई वर्षा बुधवार सुबह तक जारी रही। तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण पछवादून क्षेत्र में गेहूं की खड़ी फसल गिर गई, जिससे किसानों को उत्पादन घटने की चिंता सता रही है।
पर्वतीय क्षेत्रों में इस बारिश से बागवानी और अन्य फसलों को आंशिक फायदा बताया जा रहा है, लेकिन मैदानी इलाकों में गेहूं उत्पादक किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। खराब मौसम के चलते बाजारों और गलियों में भी सन्नाटा पसरा रहा तथा लोगों की आवाजाही कम देखी गई।








