नैनीताल में कानून व्यवस्था पर सख्ती! डीएम के निर्देश पर लालकुआं के दो अपराधियों समेत 5 लोग को किया जिला बदर

हल्द्वानी न्यूज़- नैनीताल जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अराजक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। गुंडा एक्ट के तहत पांच व्यक्तियों को जिला बदर करने के आदेश जारी किए गए हैं। इनमें अवैध शराब की तस्करी और चोरी समेत आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के मामलों से जुड़े व्यक्ति शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार, 1 जनवरी से 21 अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 103 अराजक तत्वों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय के न्यायालय ने पांच व्यक्तियों को अलग-अलग अवधि के लिए जिले की सीमा से बाहर रहने के आदेश दिए हैं।
इन पांच व्यक्तियों पर हुई कार्रवाई
प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मोटाहल्दू के पाडलीपुर निवासी सुरेश चन्द्र जोशी को अवैध शराब की तस्करी के मामले में चार माह के लिए जिला बदर किया गया है। वहीं, लालकुआं के निर्मल कॉलोनी, पश्चिमी राजीवनगर निवासी राजेश कुमार उर्फ बिट्टू को भी अवैध शराब की तस्करी के मामले में चार माह के लिए जिले से बाहर रहने का आदेश दिया गया है।
बनभूलपुरा निवासी वसीम को आपराधिक गतिविधियों और चोरी के मामलों में संलिप्तता के आधार पर चार माह के लिए जिला बदर किया गया है। लामाचौड़ क्षेत्र के ग्राम नाथूपुर पाडली निवासी धर्मेन्द्र सागर को आपराधिक गतिविधियों और अवैध शराब की तस्करी से जुड़े मामलों के मद्देनजर तीन माह के लिए जिला बदर करने का आदेश दिया गया है।
इसके अलावा, बनभूलपुरा निवासी सैफ अली को चोरी के जरिए अवैध रूप से धन अर्जित करने से जुड़ी गतिविधियों के आधार पर एक माह के लिए जिला बदर किया गया है।
आदेश तोड़ा तो होगी कार्रवाई
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने स्पष्ट किया कि जिला बदर की अवधि के दौरान संबंधित व्यक्तियों को नैनीताल जनपद की सीमा से बाहर रहना होगा। यदि कोई व्यक्ति आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में जिला प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है। अराजक तत्वों के खिलाफ समय-समय पर सख्त कार्रवाई करना जरूरी है, ताकि जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और नियमों के तहत सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।










