मदरसन कंपनी की कर्मचारी की संदिग्ध मौत, परिवार बोला— ‘समय पर इलाज मिलता तो बच जाती बेटी’

हल्द्वानी स्थित ऑटोमोबाइल पार्ट्स बनाने वाली मल्टीनेशनल कंपनी ‘मनोहर लाल हर्सल मदरसन’ में कार्यरत 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतका के परिजनों ने कंपनी पर लापरवाही और दबाव बनाने जैसे आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

मृतका की पहचान लामाचौड़ निवासी रिमझिम पुत्री मनोहर लाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार को रिमझिम कंपनी की ‘ए’ शिफ्ट में ड्यूटी कर रही थी। दोपहर करीब 2 बजे उसने अपना कार्ड पंच किया और साथी महिला कर्मचारियों के साथ फैक्ट्री के मुख्य गेट से बाहर निकली। इसी दौरान वह सड़क पर खड़ी बस की ओर जा रही थी कि अचानक चलते-चलते गिर पड़ी।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रिमझिम कंपनी गेट से कुछ कदम दूर चलते हुए अचानक सड़क पर गिरती दिखाई दे रही है। उसे गिरता देख साथी कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कंपनी प्रबंधन ने आनन-फानन में उसे वाहन से डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कंपनी के HR हेड सुभाष तिवारी के मुताबिक, रिमझिम ने इसी वर्ष फरवरी में कंपनी जॉइन की थी। वहीं, मृतका के पिता मनोहर लाल ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कोतवाली लालकुआं में दी गई शिकायत में कहा कि उनकी बेटी की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे समय पर उचित उपचार नहीं दिया गया और अस्पताल पहुंचाने में भी लापरवाही बरती गई।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद ही उन्हें रिमझिम की मौत की जानकारी मिली। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन ने उनसे दो स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर करवाने के बाद पूरी जानकारी दी।
मृतका के पिता ने यह भी दावा किया कि 19 और 20 अप्रैल को कंपनी में वेतन बढ़ोतरी को लेकर हुए प्रदर्शन में रिमझिम शामिल थी। उनका आरोप है कि इसी वजह से कंपनी प्रबंधन द्वारा उस पर काम का दबाव बनाया गया हो सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि अत्यधिक काम या कंपनी के अंदर हुई किसी अप्रिय घटना के कारण उसकी तबीयत बिगड़ी होगी।
पिता का यह भी कहना है कि रिमझिम की हालत बिगड़ने पर उसे नजदीकी अस्पताल ले जाने के बजाय दूर अस्पताल ले जाया गया, जिससे इलाज में देरी हुई।
इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला अचानक तबीयत बिगड़ने या साइलेंट अटैक से जुड़ा माना जा रहा है।








