उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

फिर डोली उत्तराखंड की धरती, इस जिले में महसूस हुए भूकंप के झटके; रिक्टर पैमाने पर 3.5 रही तीव्रता

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भटवाड़ी तहसील के कई क्षेत्रों में अचानक धरती डोलने से लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि भूकंप से किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

 

 

 

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, भूकंप रात 8:02 बजे आया। इसका केंद्र भटवाड़ी तहसील के पिलंग के जंगलों में स्थित था। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.5 दर्ज की गई। झटके मुख्य रूप से भटवाड़ी क्षेत्र में महसूस किए गए, जबकि अन्य इलाकों में इसका विशेष प्रभाव नहीं देखा गया।

यह भी पढ़ें 👉  (कोरोना अपडेट) पांच देशों से आने वालों की आरटी-पीसीआर जांच अनिवार्य

 

 

भूकंप संवेदनशील क्षेत्र है उत्तरकाशी

उत्तरकाशी जिला भूकंप की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। यह क्षेत्र भूकंपीय जोन-4 और जोन-5 में शामिल है, जहां बड़े भूकंप की आशंका बनी रहती है। यही वजह है कि हल्के झटकों के बाद भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- कैंची धाम में पहुंचे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, युवतियों ने चंदन लगाकर किया स्वागत, लोगों की जुटी भीड़

 

 

1991 की त्रासदी की यादें हुईं ताजा

गुरुवार रात आए झटकों ने लोगों को वर्ष 1991 के विनाशकारी उत्तरकाशी भूकंप की याद दिला दी। उस समय रिक्टर पैमाने पर 6.6 तीव्रता के भूकंप ने जिले में भारी तबाही मचाई थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की जान गई थी और व्यापक स्तर पर संपत्ति का नुकसान हुआ था।

 

 

प्रशासन अलर्ट, निगरानी जारी

आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, चौकियों और राजस्व उपनिरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में समय से पहले हो सकते हैं विधानसभा चुनाव! भाजपा-कांग्रेस ने तेज की तैयारियां, सियासी गलियारों में चर्चाएं गर्म