हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने कॉन्स्टेबल को कुचला, हाथ शरीर से अलग, हालत नाजुक

हल्द्वानी न्यूज़- शहर में गुरुवार शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। रुद्रपुर-हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर बेलबाबा मंदिर के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार कॉन्स्टेबल को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि कॉन्स्टेबल का दाहिना हाथ शरीर से अलग होकर सड़क पर जा गिरा।
घायल कॉन्स्टेबल की पहचान पुष्कर रौतेला के रूप में हुई है, जो हल्द्वानी के टीपी नगर चौकी में तैनात हैं। उन्हें गंभीर हालत में हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
👉 कार को ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कॉन्स्टेबल पुष्कर रौतेला सरकारी काम से रुद्रपुर स्थित फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) से रिपोर्ट लेकर वापस हल्द्वानी लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने कार को ओवरटेक करने की कोशिश की और उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कॉन्स्टेबल का दाहिना हाथ कटकर अलग हो गया। हेलमेट पहनने के बावजूद उनके सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोग हादसा देखकर सहम गए और मदद करने में भी उनके हाथ कांपने लगे।
👉 अस्पताल में मची अफरा-तफरी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। घायल कॉन्स्टेबल को तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के चलते रुद्रपुर से मशहूर न्यूरो सर्जन डॉ. अजय बजाज को भी बुलाया गया है।
एसएसपी मंजुनाथ टीसी खुद अस्पताल पहुंचे और ऑपरेशन थिएटर के अंदर जाकर डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली।
👉 पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
अस्पताल पहुंचते ही कॉन्स्टेबल की पत्नी बेसुध हो गईं और बार-बार ऑपरेशन थिएटर में जाने की कोशिश करती रहीं। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
👉 आरोपी डंपर चालक हिरासत में
सीओ हल्द्वानी अमित सैनी ने बताया कि हादसे के बाद डंपर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल, कॉन्स्टेबल पुष्कर रौतेला की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी जान बचाने की कोशिश में जुटी है।









