टिहरी में दर्दनाक हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी पिकअप, चालक की मौत, एक घायल

टिहरी गढ़वाल के घनसाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घुत्तू-घनसाली मोटर मार्ग पर घुत्तू के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वाहन में एक खच्चर भी लदा हुआ था, जिसकी भी इस दुर्घटना में मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF और स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दुर्गम परिस्थितियों के बीच SDRF के जवानों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार देकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थानाध्यक्ष घनसाली अजय जाटव के अनुसार हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। पिकअप वाहन घुत्तू से घनसाली की ओर जा रहा था, तभी अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन खाई में गिर गया। हादसे में चालक बॉबी (28), पुत्र जगबीर लाल, निवासी खलासी पट्टी पालीगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, पिकअप में सवार पूरन सिंह (55), पुत्र रूप चंद्र सिंह, निवासी ग्राम साथियाला पट्टी भिलंग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतक चालक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।
प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।








