उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तराखंड- यहाँ तेज रफ्तार जीप का कहर: सड़क पार कर रही 9 साल की बच्ची को कुचला, मौके पर मौत; ड्राइवर फरार

देहरादून में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सहसपुर क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। तेज रफ्तार जीप ने सड़क पार कर रही बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर जीप लेकर मौके से फरार हो गया।

 

 

पुलिस के अनुसार, यह हादसा शनिवार रात करीब साढ़े 7 बजे दिल्ली-यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर खुशहालपुर में गुरुद्वारे के पास हुआ। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा।

यह भी पढ़ें 👉  बिन्दुखत्ता में पति ने अपनी पत्नी की गला घोटकर की हत्या, क्षेत्र में मचा हड़कंप

 

 

सहसपुर पुलिस के मुताबिक, मृत बच्ची के पिता रफाकत खुशहालपुर में अपने घर के पास अंडे की ठेली लगाते हैं। उनकी 9 साल की बेटी घर के पास ही खेल रही थी। इसी दौरान वह सड़क पार करने लगी। तभी देहरादून की ओर से तेज रफ्तार में आ रही काले रंग की जीप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून-(अच्छी खबर) उत्तराखंड के हर जिले के सिंगल लाइन पुलो को अब डबल लाइन पुल में बदला जाएगा।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद जीप चालक वाहन को जस्सोवाला की ओर लेकर फरार हो गया। सामने आए एक वीडियो में आरोपी ड्राइवर भागते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि जीप बिना नंबर प्लेट की थी और उसमें केवल ड्राइवर ही मौजूद था।
हादसे के बाद जब पिता रफाकत ने अपनी बेटी को खून से लथपथ हालत में देखा तो वह मौके पर ही बेहोश हो गए। बेटी की मौत के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और माता-पिता के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ 13 वर्षीय किशोरी पर तेंदुए ने किया हमला, चीख-पुकार सुनकर आए लोग, ऐसे भागा आदमखोर

 

वहीं, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। खुशहालपुर के प्रधान आजम, प्रतिनिधि शाहनवाज खान, अलादीन, शहजाद और नदीम समेत कई ग्रामीणों ने पुलिस से रात के समय वाहनों की सख्ती से जांच कराने और आरोपी ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।