उत्तराखंड: इस जिले में कल बंद रहेंगे सभी स्कूल, भारी से बहुत भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच डीएम का आदेश

देहरादून न्यूज़- जनपद देहरादून में लगातार हो रही बारिश और आगामी 24 घंटे के लिए मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी ने शनिवार 18 जुलाई 2026 को जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून तथा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी अद्यतन मौसम पूर्वानुमान (Nowcast) के अनुसार अगले 24 घंटों में जनपद के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने तथा अत्यंत तीव्र वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके मद्देनजर देहरादून जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
जिला प्रशासन ने कहा कि खराब मौसम के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए यह निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया है, ताकि विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जारी आदेश के अनुसार 18 जुलाई 2026 को जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, गैर सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी, देहरादून को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए और सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को इसकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए।








