उत्तराखंड- यहाँ पिता की पुलिस वर्दी का रौब झाड़ रहा था बेटा, दून पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव में दबोचा

चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान मसूरी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच दून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक युवक को पुलिस वर्दी का रौब झाड़ना भारी पड़ गया। कोतवाली मसूरी पुलिस ने नशे की हालत में कार चला रहे युवक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया। युवक अपनी कार में उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी और पी-कैप रखकर खुद को पुलिस विभाग से जुड़ा दिखाने की कोशिश कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कोतवाली मसूरी क्षेत्र में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान लाइब्रेरी चौक पर पुलिस को एक वैगनआर कार संख्या UP 15 DZ 2906 संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। कार के डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप रखी थी, जबकि पीछे की सीट पर हैंगर में उपनिरीक्षक की वर्दी टंगी हुई थी।
शक होने पर पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की। वाहन चालक ने अपना नाम विनय सिंह पुत्र संजय सिंह निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश बताया। जांच में युवक नशे की हालत में वाहन चलाता मिला। कार में उसके तीन अन्य साथी भी मौजूद थे।
पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। उसने टोल टैक्स, पार्किंग शुल्क और अन्य जगहों पर फायदा लेने के उद्देश्य से अपने पिता की सरकारी वर्दी और पी-कैप वाहन में रखी थी, ताकि लोगों पर पुलिसिया रौब जमाया जा सके।
पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव और यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर कार को सीज कर दिया। इसके साथ ही अभियान के दौरान ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई और सड़क किनारे अवैध पार्किंग करने वालों के चालान काटे गए।
अभियान के दौरान की गई कार्रवाई
- कुल चालान – 98
- नो पार्किंग चालान – 67
- ब्लैक फिल्म चालान – 01
- खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर चालान – 05
- ड्रिंक एंड ड्राइव में – 01 कार सीज
- यातायात नियम उल्लंघन पर – 21 चालान
- दोपहिया वाहन सीज – 03
- कुल संयोजन शुल्क व जुर्माना – ₹18,000 से अधिक
देहरादून पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यातायात नियमों का पालन करें तथा वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।








