उत्तराखंड- यहां युवक की अजीब हरकत! 112 पर फोन कर बोला- मम्मी-पापा को मार दिया, मौके पर पहुंची पुलिस तो खुला चौंकाने वाला मामला

खटीमा न्यूज़- “हेलो, मैंने मम्मी-पापा को मार दिया है, जल्दी आ जाइए।” मंगलवार देर शाम डायल 112 पर यह सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मामला कुछ और ही निकला। युवक के माता-पिता सुरक्षित मिले। पूछताछ में पता चला कि खर्च के लिए पैसे नहीं मिलने पर युवक ने पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी सूचना दी थी। पुलिस ने आरोपी युवक को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत निरुद्ध कर दिया।
पैसे नहीं मिले तो पुलिस को दी झूठी सूचना
जानकारी के अनुसार, खटीमा के खेतलसंडा खाम निवासी अभिषेक राठौर ने मंगलवार देर शाम डायल 112 पर फोन कर अपने माता-पिता की हत्या करने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, उपनिरीक्षक राकेश राय और पुलिसकर्मियों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर सुरक्षित मिले माता-पिता
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो युवक के माता-पिता घर पर सुरक्षित मिले। इसके बाद पुलिस ने अभिषेक से पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह अपने माता-पिता से खर्च के लिए पैसे मांग रहा था। उनके पैसे देने से इनकार करने पर विवाद हो गया, जिसके बाद उसने गुस्से में डायल 112 पर फोन कर झूठी सूचना दे दी।
पुलिस ने युवक को किया निरुद्ध
वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य ने बताया कि डायल 112 जैसे आपातकालीन नंबर पर झूठी और भ्रामक सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में युवक के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उसे बीएनएसएस की धारा 170 के तहत निरुद्ध किया गया है।










