उत्तराखंड- यहाँ हुआ दर्दनाक हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, डेढ़ साल के मासूम समेत तीन की मौत, पांच घायल

अल्मोड़ा न्यूज़- जिले के ताकुला-बसौली मोटर मार्ग पर चुराड़ी बैंड के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली नंबर की एक ब्रेजा कार (DL-9CBH8402) अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में डेढ़ साल के मासूम बच्चे सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग दिल्ली से अल्मोड़ा के झिझाड़ गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह के बाद वे वापस दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान चुराड़ी बैंड के पास वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई में गिरे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों की अहम भूमिका रही।
मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और पहाड़ी मार्ग पर नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।








