उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, पहाड़ों में बारिश के आसार; मैदानी इलाकों में गर्मी का कहर जारी

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। जहां एक ओर पहाड़ी जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं मैदानी इलाकों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बढ़ने के आसार हैं। हालांकि राज्य के अन्य जिलों में मौसम फिलहाल शुष्क रहने का अनुमान है।

 

मैदानी क्षेत्रों में गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। पिछले 24 घंटों के तापमान आंकड़ों के मुताबिक काशीपुर 43 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं पंतनगर में पारा 39.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- निकाय चुनाव की अधिसूचना 10 नवंबर को जारी होने पर संशय, आरक्षण के प्रारूप का इंतजार

 

 

पहाड़ी इलाकों में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और नई टिहरी में 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि नई टिहरी का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम दर्ज किया गया। मंगलवार को पिथौरागढ़ में ओलावृष्टि और बागेश्वर में बारिश दर्ज की गई थी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- रामपुर रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा, 32 वर्षीय बिन्दुखत्ता निवासी युवक की मौत; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 

 

अगले 5 दिनों में मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 1 से 2 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। इसके बाद अगले 3 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

 

कई इलाकों में हुई बारिश
बीते मंगलवार शाम तक राज्य में सबसे ज्यादा बारिश पिथौरागढ़ में दर्ज की गई। मैनुअल रिकॉर्ड के अनुसार पिथौरागढ़ में 17.4 मिमी और बागेश्वर में 10.6 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा डीडीहाट में 8 मिमी, बेरीनाग में 2 मिमी और गरुड़ में 1.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

यह भी पढ़ें 👉  बिन्दुखत्ता- कारगिल शहीद की वीरांगना प्रेमा पपोला का आकस्मिक निधन, परिवार में मचा कोहराम

 

अगले तीन दिनों का मौसम अपडेट
28 मई: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। अन्य जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।

 

29 मई: पर्वतीय जिलों के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

 

30 मई: राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन की संभावना जताई गई है।