उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ा अपडेट! UKSSSC ने बदला 7 परीक्षाओं का शेड्यूल, जानें नई तारीखें

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट जारी करते हुए सात परीक्षाओं के प्रस्तावित कार्यक्रम में संशोधन किया है। आयोग ने अभ्यर्थियों के अनुरोध और परीक्षाओं के सफल एवं सुचारु संचालन में प्रशासकीय सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा तिथियों में बदलाव किया है। संशोधित कार्यक्रम आयोग कार्यालय की ओर से 25 अगस्त 2026 को जारी परीक्षा कार्यक्रम के संबंध में जारी किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार पशुधन प्रसार अधिकारी और सर्वेक्षक की परीक्षा अब 18 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इससे पहले इस परीक्षा के लिए 20 सितंबर 2026 की तिथि प्रस्तावित की गई थी। यानी इस परीक्षा को करीब एक महीने आगे बढ़ाया गया है।
वहीं साहसिक खेल अधिकारी, कैमरामैन और प्राविधिक सहायक (इतिहास) की परीक्षा अब 20 सितंबर 2026 को होगी। इन पदों की परीक्षा पहले 18 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित थी। आयोग के संशोधन के बाद इन परीक्षाओं को पहले आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा सहायक लेखाकार (विभिन्न विभाग) और वैयक्तिक सहायक (विभिन्न विभाग) की परीक्षा तिथि में भी बदलाव किया गया है। दोनों परीक्षाएं अब 1 नवंबर 2026 को प्रस्तावित हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी और परीक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
आयोग ने विज्ञान विषय से संबंधित विभिन्न पदों की परीक्षा के संबंध में भी महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण जारी किया है। आयोग के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम में 17 जनवरी 2026 की तिथि त्रुटिवश अंकित हो गई थी। इसे अब 17 जनवरी 2027 पढ़ा जाएगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों से संशोधित परीक्षा कार्यक्रम को ध्यान से देखने और आगे की तैयारी नई तिथियों के अनुसार करने को कहा है। परीक्षा से संबंधित किसी भी नए अपडेट के लिए अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी गई है।






