उत्तराखंड के 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, अगले तीन दिन बिगड़ा रहेगा मौसम

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। आईएमडी देहरादून ने प्रदेश के आठ जिलों—हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर—में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिन भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और खराब मौसम का दौर जारी रहने की संभावना है। लगातार बारिश का असर पहाड़ी इलाकों में सड़कों और यात्रा मार्गों पर भी दिखने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
वहीं, लगातार हो रही बारिश का असर पहाड़ी क्षेत्रों की सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी दिखाई देने लगा है। चमोली जिले में बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई है। नंदप्रयाग के पास पार्थाडीप क्षेत्र में भारी मलबा आने और पेड़ गिरने से बद्रीनाथ हाईवे पूरी तरह बंद हो गया।
हाईवे बंद होने से बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की ओर जाने वाले तीर्थयात्रियों समेत अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग खुलने का इंतजार किया जा रहा है और संबंधित विभाग की ओर से मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम
6 सितंबर: हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
7 सितंबर: प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज से भारी बारिश हो सकती है।
8 सितंबर: राज्य में बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक के दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। लगातार बारिश से भूस्खलन, मलबा आने और सड़कें बाधित होने की आशंका बनी हुई है।








