उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तराखंड- घर में बिस्तर पर मिला 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव, गले और शरीर पर खरोंच के निशान, हत्या की आशंका से जांच

देहरादून न्यूज़- राजधानी देहरादून में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। रायपुर थाना क्षेत्र स्थित एमडीडीए कॉलोनी में गुरुवार को महिला का शव घर के कमरे में बिस्तर पर मिला। महिला के गले और शरीर पर खरोंच के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या की आशंका से भी जांच शुरू कर दी है।

 

 

मृतका की पहचान पूजा बंसल के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ बच्चों से अलग रहती थीं। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह उनके पति रोजाना की तरह अपनी स्टेशनरी की दुकान पर चले गए थे।

 

 

शाम के समय पति ने पूजा बंसल को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। कई बार फोन करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर पति को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति को फोन कर घर जाकर पत्नी का हालचाल देखने के लिए कहा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ नदी में नहाते समय दो युवकों की डूबने से हुई मौत

 

 

पति के कहने पर पड़ोसी जब घर पहुंचा तो उसने पूजा बंसल को कमरे में बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पड़ोसी ने तुरंत इसकी सूचना उनके पति को दी। इसके बाद पति घर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

 

 

सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच के दौरान महिला के शरीर पर कई जगह खरोंच के निशान मिले। गले पर भी गहरी खरोंच के निशान बताए जा रहे हैं। इन निशानों को देखते हुए पुलिस महिला की मौत को संदिग्ध मानकर हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस हत्या की आशंका से भी मामले की पड़ताल कर रही है।

 

 

जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि पूजा बंसल की गुरुवार दोपहर अपनी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद शाम को जब पति ने उन्हें फोन किया तो उनका फोन नहीं उठा। पुलिस अब दोपहर में बेटी से बातचीत के बाद से लेकर शाम तक की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून-(बड़ी खबर) राज्य में पहली ही बारिश ने डाल दिया टेंशन में, अभी 30 तक का है ऑरेंज अलर्ट।

 

 

घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

 

पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला के घर के आसपास कौन-कौन आया था और घटना के समय इलाके में क्या गतिविधियां हुईं। इसके अलावा पुलिस परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और अन्य लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  राजकीय महाविद्यालय काण्डा में उच्च शिक्षा निदेशक का औचक निरीक्षण, अनुशासन और शिक्षण व्यवस्था की सराहना

 

 

एसपी ग्रामीण जया बलूनी ने बताया कि कंट्रोल रूम को एमडीडीए कॉलोनी के पास एक घर में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा किया जा रहा है।

 

 

उन्होंने बताया कि महिला के शरीर पर खरोंच के निशान मिले हैं, जिससे किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

 

फिलहाल पुलिस मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच में जुटी हुई है।