उत्तराखंड- शादी समारोह में जा रहा इको वाहन खाई में गिरा, चालक समेत तीन की मौत; दो नाबालिग बच्चियों सहित पांच घायल

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जखोली क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने जा रहा एक इको वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में 13 और 15 साल की दो नाबालिग बच्चियां भी शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसा जखोली क्षेत्र में अर्जुन बैंड के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और DDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया और खाई में गिरे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
कुरछोला से जखनोली जा रहा था वाहन
पुलिस के मुताबिक, रविवार 22 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम को इको वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर UK13TA-4410 है। बताया गया कि वाहन शादी समारोह में शामिल होने के लिए कुरछोला से जखनोली की ओर जा रहा था। इसी दौरान अर्जुन बैंड के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी।
सूचना पर पुलिस कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने SDRF, DDRF और स्थानीय पुलिस की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया। पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी की।
चालक समेत तीन लोगों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में वाहन चालक विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41), निवासी कुरछोला की मौत हो गई। इसके अलावा तैला गांव निवासी बसंती देवी (52), पत्नी कार्तिक और सुनीता देवी (35), पत्नी भरत सिंह ने भी हादसे में दम तोड़ दिया।
दो नाबालिग बच्चियों समेत पांच घायल
हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें कुनियाली निवासी सतपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग ले जाया जा रहा था। वहीं, कुरछोला निवासी शिवानी (15) और दिव्यांशी (13) का CHC जखोली में उपचार चल रहा है।
इसके अलावा जखोली बड़मा निवासी अंजलि (26) और कुनियाली निवासी सुमीता भी घायल हुई हैं।
स्थानीय लोगों ने भी चलाया रेस्क्यू अभियान में सहयोग
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और पुलिस व बचाव दलों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।










