उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, 7 जिलों में यलो अलर्ट; पहाड़ों में भूस्खलन से सड़कें बंद, नदियां उफान पर

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में पिछले एक सप्ताह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के सात जिलों देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर और चंपावत में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बंद होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं, नदियों का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे इलाकों में भी चिंता बढ़ गई है।
केदारनाथ की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी
रुद्रप्रयाग स्थित केदारनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर बारिश के बीच बर्फबारी हुई है। इससे धाम और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का मिजाज और ठंडा हो गया है।
बागेश्वर और उत्तरकाशी में भूस्खलन से यातायात प्रभावित
बागेश्वर में एनएच गरुड़-बागेश्वर-रवाईखाल पर पहाड़ दरकने से मार्ग बंद हो गया। सड़क पर मलबा आने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। वहीं, उत्तरकाशी में भूस्खलन के चलते मनेरी-भटवाड़ी हाईवे पर भी यातायात प्रभावित हुआ। पहाड़ी मार्गों पर लगातार बारिश के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
काली नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब
पिथौरागढ़ में लगातार बारिश के चलते काली नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने से किनारे रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्री की तलाश जारी
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गौरीकुंड से आगे छौड़ी गधेरे के पास पुणे निवासी 59 वर्षीय तीर्थयात्री यशवंत किसनराव थोरात गहरी खाई में गिर गए। घटना के बाद से उनकी तलाश जारी है। खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के कारण खोज अभियान में चुनौतियां सामने आ रही हैं।
हरिद्वार में नाले के तेज बहाव में दो बच्चे बहे
हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में सोमवार देर शाम नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इस दौरान दो बच्चे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। स्थानीय लोगों ने एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा बच्चा पानी के तेज बहाव में बहने के बाद लापता हो गया। लापता बच्चे की तलाश जारी है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?
9 सितंबर: पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर होने की संभावना है।
10 सितंबर: देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा राज्य के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर होने की आशंका है।
11 सितंबर: राज्य के सभी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर होने की संभावना है।
लगातार बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।








