उत्तराखंड मौसम: देहरादून समेत 8 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट, अलकनंदा-मंदाकिनी चेतावनी स्तर के करीब

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। आसमान में बादलों का डेरा है और प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के सभी जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछार पड़ने की संभावना जताई है। वहीं देहरादून समेत आठ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां चेतावनी स्तर के बेहद करीब पहुंच गई हैं, जिससे प्रशासन की सतर्कता बढ़ गई है।
रुद्रप्रयाग में बारिश जारी, नदियों का जलस्तर बढ़ा
रुद्रप्रयाग। जनपद में शनिवार सुबह से बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार वर्षा के कारण नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह आठ बजे अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां चेतावनी स्तर के बेहद करीब बह रही थीं।
पिछले 24 घंटों के दौरान रुद्रप्रयाग तहसील में 8 मिमी, ऊखीमठ में 12.50 मिमी और जखोली में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रातः आठ बजे अलकनंदा नदी का जलस्तर 625.90 मीटर दर्ज किया गया, जबकि इसका चेतावनी स्तर 626 मीटर और खतरे का निशान 627 मीटर निर्धारित है।
वहीं मंदाकिनी नदी का जलस्तर 624.90 मीटर दर्ज किया गया। मंदाकिनी का चेतावनी स्तर 625 मीटर, जबकि खतरे का निशान 626 मीटर निर्धारित है। दोनों नदियों के चेतावनी स्तर के बेहद करीब पहुंचने से नदी किनारे रहने वाले लोगों और प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम?
7 सितंबर
मौसम विभाग ने नैनीताल, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश के तेज से अति तेज दौर होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है।
8 सितंबर
प्रदेश के पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर होने की संभावना है।
9 सितंबर
पहाड़ी जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर होने की संभावना जताई गई है।
लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।








