छात्रसंघ चुनाव को लेकर इंतजार खत्म, कुमाऊं विश्वविद्यालय ने तय की तारीख

हल्द्वानी न्यूज़- कुमाऊं विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को लेकर चल रहा इंतजार अब खत्म हो गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। विश्वविद्यालय के परिसरों और संबद्ध राजकीय महाविद्यालयों में 29 सितंबर 2026 को छात्रसंघ चुनाव कराए जाएंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, छात्रसंघ चुनाव के बाद 1 अक्टूबर 2026 को विश्वविद्यालय छात्र महासंघ का निर्वाचन कराया जाएगा। चुनाव की तारीख तय होने के साथ ही अब कुमाऊं विश्वविद्यालय से जुड़े कॉलेजों में चुनावी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।
बताया गया है कि चुनाव की तारीख को लेकर यह निर्णय कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा और श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय टिहरी के कुलपतियों की संयुक्त बैठक के बाद लिया गया।
छात्रसंघ चुनाव की घोषणा के बाद अब कॉलेज परिसरों में छात्र संगठनों और संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ेगी। चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे छात्र नेताओं ने भी संपर्क अभियान और रणनीति बनाने की कवायद शुरू कर दी है।
29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव के बाद 1 अक्टूबर को विश्वविद्यालय छात्र महासंघ का निर्वाचन होगा। चुनाव की तारीख सामने आने के साथ ही कॉलेज परिसरों में सियासी सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं।








