# टिहरी में छात्रसंघ चुनाव से पहले बवाल! यूपी-बिहार के 4 छात्रों से मारपीट का आरोप, पुलिस में नामजद शिकायत

टिहरी न्यूज़- उत्तराखंड के टिहरी जिले में छात्रसंघ चुनाव को लेकर विवाद सामने आया है। बादशाहीथौल स्थित एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के एसआरटी परिसर में उत्तर प्रदेश और बिहार के चार छात्रों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। पीड़ित छात्रों का आरोप है कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर चल रही रंजिश के चलते स्थानीय छात्रों ने उन्हें कॉलेज गेट के पास रोककर गाली-गलौज की और मारपीट की।
घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि हॉस्टल से बाहर निकलते ही चारों छात्रों को कॉलेज गेट के पास रोक लिया गया। इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई।
मारपीट में बिहार और उत्तर प्रदेश निवासी क्षितिज कुमार श्रीवास्तव, आलोक कुमार, विशाल कुमार और प्रियांशु राज घायल हो गए। पीड़ित छात्रों के अनुसार उनके गले, पीठ, गाल, पैर और हाथों में चोटें आई हैं। घटना के बाद चारों छात्र रात में चंबा कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
चुनावी रंजिश में मारपीट का आरोप
पीड़ित छात्र क्षितिज कुमार श्रीवास्तव का आरोप है कि उनका किसी से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था। उन्होंने बताया कि उनके साथ रहने वाला बिहार निवासी एक छात्र छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी की ओर से उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहा है। आरोप है कि इसी चुनावी रंजिश के चलते उन्हें और उनके साथियों को निशाना बनाया गया और उनके साथ मारपीट की गई।
पीड़ित छात्रों का कहना है कि चुनाव लड़ने से रोकने और दबाव बनाने के उद्देश्य से यह घटना की गई। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
4 छात्रों समेत अन्य के खिलाफ नामजद तहरीर
पीड़ित पक्ष ने चंबा कोतवाली में रवि रावत, अजय तड़ियाल, पंकज नकोटी और गौतम समेत अन्य लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। छात्रों ने आरोप लगाया है कि उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
11 सितंबर को मतदान, नामांकन के बाद बढ़ी गुटबाजी
एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया बुधवार से शुरू हुई है। विभिन्न पदों के लिए छात्र नेताओं ने नामांकन दाखिल किए हैं और कई पदों पर दो-दो उम्मीदवार मैदान में हैं।
चुनावी कार्यक्रम के अनुसार 5 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया होगी, जबकि 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा।
चुनावी प्रक्रिया शुरू होते ही परिसर में छात्र संगठनों के बीच गुटबाजी और रंजिश भी सामने आने लगी है। मारपीट की इस घटना के बाद छात्रसंघ चुनाव को लेकर परिसर का माहौल गरमा गया है।
कोतवाल बोले- शिकायत दर्ज, मेडिकल कराया जा रहा
चंबा कोतवाली के कोतवाल विपिन बहुगुणा ने बताया कि छात्रों के बीच मारपीट की शिकायत दर्ज कर ली गई है। घायल छात्रों का मेडिकल कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत और जांच के आधार पर मारपीट करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अब छात्रसंघ चुनाव से पहले हुई इस मारपीट की घटना में आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।








