पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से गौला नदी उफान पर, बिंदुखत्ता में तेज भूकटाव से लोगों में दहशत

लालकुआं न्यूज़- पर्वतीय क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते गौला नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी ने बिंदुखत्ता क्षेत्र में जबरदस्त भू-कटाव शुरू कर दिया है।
लगातार हो रही भारी बारिश के कारण इस मानसून सीजन में पहली बार गौला नदी का जलस्तर इतना अधिक बढ़ा है। इससे पहले इस बरसात के दौरान नदी का जलस्तर इस स्तर तक नहीं पहुंचा था, लेकिन मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद गौला नदी पूरी तरह लबालब भर गई।
बिंदुखत्ता क्षेत्र में नदी किनारे तटबंध नहीं होने के कारण भू-कटाव लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज बहाव के चलते दर्जनों ग्रामीणों की जमीन नदी में समा चुकी है, जिससे किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
बताया जा रहा है कि इंद्रा नगर द्वितीय, खुरियाखत्ता, रावत नगर और तीन मंदिर क्षेत्र में वर्तमान में सबसे अधिक भू-कटाव हो रहा है। नदी लगातार किनारों को काटते हुए आबादी और कृषि भूमि की ओर बढ़ रही है, जिसके चलते तटीय क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
भू-कटाव की स्थिति देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण गौला नदी किनारे पहुंच रहे हैं। नदी के तेज बहाव और लगातार कटते किनारों को देखकर लोग भयभीत हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले समय में और अधिक कृषि भूमि तथा आबादी वाले क्षेत्रों को खतरा पैदा हो सकता है।








