लालकुआँ- बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर खास फोकस, आंगनबाड़ी केंद्र में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ

लालकुआँ न्यूज़– बाल विकास परियोजना विभाग उत्तराखंड द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों, स्तनपान कराने वाली माताओं और गर्भवती महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
पोषण माह का शुभारंभ करते हुए मुख्य संयोजिका सरनजीत कौर ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सरकार की ओर से दी जा रही विभिन्न सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा सरकार की योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन किए जाने की सराहना की।
सरनजीत कौर ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह का मुख्य उद्देश्य स्तनपान करने वाले शिशुओं के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना है। इसके साथ ही महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराना भी अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों से तैयार किए गए विभिन्न व्यंजन भी प्रस्तुत किए। इन व्यंजनों का निरीक्षण किया गया और कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में श्रीमती सरनजीत कौर, श्रीमती पूजा जोशी, श्रीमती प्रभा कांडपाल, श्रीमती गीता चौधरी, श्रीमती तुलसी पंत, श्रीमती दीपा मिश्रा, श्रीमती भावना भट्ट, श्रीमती ममता मिश्रा, श्रीमती रमा त्रिपाठी और श्रीमती सुमन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








