उत्तराखण्डकुमाऊं,

लालकुआं कोतवाली के ठीक बगल में लाखों की चोरी! वनकर्मी के घर से सोने के मंगलसूत्र, चांदी और नकदी पार

लालकुआं न्यूज़- उत्तराखंड के लालकुआं में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने कोतवाली से महज पांच मीटर की दूरी पर स्थित एक घर को ही निशाना बना डाला। अज्ञात चोर दरवाजे का कुंडा तोड़कर घर में घुसे और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस थाने के ठीक बगल में हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

 

जन्मदिन समारोह में गई थीं गृहस्वामिनी, पीछे से घर में घुसे चोर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालकुआं के वार्ड नंबर चार, आजाद नगर निवासी मोहिनी परिहार का मकान कोतवाली के ठीक बगल में स्थित है। गत दिवस वह रिश्तेदारी में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने गई थीं और रात को घर नहीं लौटीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बना लिया। चोर दरवाजे का कुंडा तोड़कर अंदर घुसे और घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  जंतर-मंतर धरने में पहुंचा उत्तराखंड पुलिस का निलंबित कांस्टेबल, STF की जांच में गैंगस्टर प्रवीण वाल्मीकि गिरोह से जुड़ा था नाम

 

 

 

दो मंगलसूत्र, चांदी और 22 हजार रुपये ले उड़े चोर

मोहिनी परिहार के अनुसार, चोर घर से सोने के दो मंगलसूत्र, जिनका कुल वजन दो तोले से अधिक बताया गया है, कान के टॉप्स, करीब आधा किलो चांदी और 22 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। इसके अलावा अन्य सामान भी गायब बताया जा रहा है। चोरी गए सामान की कुल कीमत पांच लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। घर लौटने पर चोरी का पता चला तो उनके होश उड़ गए।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआँ- तहसील दिवस में विधायक ने सुनी समस्याएं, मौके पर हुआ समाधान

 

 

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

 

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि वार्ड नंबर चार स्थित एक घर में चोरी की सूचना मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मुखबिर तंत्र की मदद से चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कही है।

यह भी पढ़ें 👉  त्योहारों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस का “ऑपरेशन रोमियो” अभियान शुरू

 

 

वन विभाग से जुड़ा है परिवार

उल्लेखनीय है कि मोहिनी परिहार के पति स्वर्गीय भीम सिंह वन विभाग में कार्यरत थे। वहीं, उनके पुत्र वीरेंद्र परिहार वर्तमान में टांडा रेंज में डिप्टी रेंजर के पद पर तैनात हैं। कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय लोग भी हैरान हैं। अब पुलिस के सामने चोरों का पता लगाने और वारदात का खुलासा करने की चुनौती है।