स्कूल परिसर में दिखा तेंदुआ, गन्ने के खेतों में छिपा ड्रोन से सर्च के बाद भी नहीं मिली लोकेशन, शाम को फिर चलेगा अभियान

लालकुआं न्यूज़– बेरीपड़ाव के ग्राम पंचायत दुर्गापालपुर परमा के हिम्मतपुर चौम्वाल स्थित बीसी रजवार मेमोरियल पब्लिक स्कूल परिसर में तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत है। बुधवार शाम करीब आठ बजे और गुरुवार सुबह 6:10 बजे ग्रामीणों ने स्कूल परिसर के आसपास बड़े तेंदुए को घूमते देखा। सूचना पर वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के साथ क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया, लेकिन तेंदुआ गन्ने के खेतों में छिप गया। ड्रोन कैमरे से सर्चिंग और मैनुअल तलाशी के बावजूद उसकी लोकेशन नहीं मिल सकी।

क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र चंद्र दुर्गापाल ने सुबह ही वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने ग्रामीणों के साथ विद्यालय परिसर, आसपास के रास्तों और आवासीय क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान चलाया। गन्ने और घनी झाड़ियों के कारण तेंदुए की तलाश में दिक्कत आने पर वन विभाग ने ड्रोन से सर्चिंग कराई।
ग्रामीणों के अनुसार नाथूपुर चौम्वाल, हिम्मतपुर चौम्वाल, हल्दूचौड़ जग्गी, भवानीपुर हरिसिंह, भवान सिंह नवाड़, किशनपुर सकुलिया, मोटाहल्दू, भंडारी फार्म और बेरीपड़ाव सरकारी फार्म समेत आसपास के क्षेत्रों में भी पहले तेंदुआ दिखाई दे चुका है। वहीं जंगली हाथियों के आबादी क्षेत्र में आने से भी ग्रामीण परेशान हैं।
राजेंद्र चंद्र दुर्गापाल, सुंदर मलवाल ने डीएफओ तराई पूर्वी वन प्रभाग के नाम ज्ञापन वन क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह अधिकारी को सौंपकर ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। वन विभाग की टीम गुरुवार शाम फिर सर्च अभियान चलाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।








