हल्द्वानी में दोस्तों संग मैगी खाने गया 17 साल का आदित्य गौला नदी में बहा, 15 किमी दूर मिला शव

हल्द्वानी न्यूज़- काठगोदाम क्षेत्र के भुजियाघाट में दोस्तों के साथ घूमने और मैगी खाने गया 17 वर्षीय किशोर गौला नदी के तेज बहाव में बह गया। शनिवार शाम हुए हादसे के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया। रविवार सुबह घटनास्थल से करीब 15 किलोमीटर दूर राजपुरा क्षेत्र में गौला नदी किनारे किशोर का शव बरामद किया गया। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
दोस्तों के साथ भुजियाघाट गया था आदित्य
जानकारी के अनुसार, रामपुर रोड के टीपी नगर क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय आदित्य टम्टा शनिवार शाम अपने छह दोस्तों के साथ स्कूटी से भुजियाघाट घूमने गया था। समूह में चार लड़के और दो लड़कियां बताई जा रही हैं। सभी ने वहां मैगी खाने का प्लान बनाया था।
मैगी खाने के बाद सभी दोस्त गौला नदी के किनारे पहुंच गए और नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव के कारण वहां अफरा-तफरी मच गई।
पैर फिसलने से तेज बहाव में बहा
नहाने के दौरान आदित्य का अचानक पैर फिसल गया और वह गौला नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते आदित्य पानी में ओझल हो गया। इसके बाद दोस्तों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस, SDRF और फायर ब्रिगेड ने चलाया सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची। नदी का बहाव तेज होने के कारण पुलिस ने एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों को भी मौके पर बुलाया। अंधेरा होने के बावजूद टीमों ने रातभर नदी में किशोर की तलाश की, लेकिन रात में उसका पता नहीं चल सका।
15 किलोमीटर दूर मिला आदित्य का शव
रविवार सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान घटनास्थल से करीब 15 किलोमीटर दूर राजपुरा क्षेत्र में गौला नदी किनारे आदित्य का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
परिवार का इकलौता बेटा था आदित्य
आदित्य अपने परिवार का इकलौता बेटा था और तीन बहनों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आदित्य का शव देखते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।








