हल्द्वानी- रामलीला मैदान शुद्धीकरण मामले में FIR, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज; वीडियो की भी होगी जांच

हल्द्वानी न्यूज़- रामलीला मैदान शुद्धीकरण प्रकरण में आखिरकार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने अधिवक्ता अंजू की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर में शुद्धीकरण की घटना को अनुसूचित जाति के व्यक्ति के प्रति जातिगत भेदभाव और अपमान की भावना पैदा करने वाला बताया गया है।
मामला आठ अगस्त का है, जब रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का कार्यक्रम आयोजित हुआ था। आरोप है कि कार्यक्रम के दो दिन बाद यानी 10 अगस्त को कुछ लोगों ने रामलीला मैदान में कथित तौर पर शुद्धीकरण कार्यक्रम कराया। इस दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए थे।
अधिवक्ता की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि शुद्धीकरण की इस कार्रवाई से जातिगत भेदभाव और अपमान की भावना पैदा होती है। इसके साथ ही एक कथित भ्रामक और संभावित रूप से संपादित वीडियो के जरिए धार्मिक वैमनस्य फैलाने की आशंका भी जताई गई है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि अधिवक्ता अंजू की तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। अब पुलिस शुद्धीकरण कार्यक्रम में शामिल रहे अज्ञात लोगों की पहचान करने के साथ ही सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने वालों की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस वीडियो के मूल स्रोत का भी पता लगाएगी। इसके अलावा वीडियो में किसी तरह की काट-छांट या एडिटिंग हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि इस मामले में तहरीर 15 अगस्त को दी गई थी। अब प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। कांग्रेस और शिकायतकर्ता पक्ष की ओर से मामले में कार्रवाई की मांग की जा रही थी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








