शिक्षा विभाग में बड़े फेरबदल की तैयारी, कई अधिकारियों के तबादले जल्द; निदेशक समेत कई अहम पद होंगे खाली

उत्तराखंड के शिक्षा विभाग में जल्द ही बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादले किए जा सकते हैं। विभाग की ओर से तबादलों का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। शासन ने प्रस्ताव को अनुमोदन के लिए विभागीय मंत्री के पास भेज दिया है। मंत्री की मंजूरी मिलते ही तबादलों की सूची जारी होने की संभावना है।
शिक्षा विभाग में इस समय कई महत्वपूर्ण पद लंबे समय से खाली चल रहे हैं। सोमवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती भी सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वर्तमान में उनके पास माध्यमिक शिक्षा निदेशक के साथ-साथ प्रारंभिक शिक्षा निदेशक और समग्र शिक्षा में अपर राज्य परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी है।
डॉ. मुकुल सती के सेवानिवृत्त होने के बाद विभाग में निदेशक के तीन पदों में से दो पद खाली हो जाएंगे। इसके अलावा अपर राज्य परियोजना निदेशक का पद भी रिक्त हो जाएगा, जिससे विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नई जिम्मेदारियां तय करनी होंगी।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अपर निदेशक के 10 पदों में से पांच और संयुक्त निदेशक के 23 पदों में से अधिकांश पद पहले से ही खाली हैं। ऐसे में शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों के साथ-साथ जिलों में तैनात कई अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियां किए जाने की तैयारी चल रही है।
उच्च स्तर पर अधिकारियों की कमी को देखते हुए विभाग कुछ जूनियर अधिकारियों को भी प्रभारी के रूप में अहम जिम्मेदारियां सौंप सकता है। माना जा रहा है कि तबादलों और नई नियुक्तियों के बाद विभाग के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।








