हल्द्वानी में संदिग्ध हालात में 24 वर्षीय युवती की मौत, सुसाइड से पहले दोस्त को भेजा मोबाइल पिन

हल्द्वानी न्यूज़- काठगोदाम थाना क्षेत्र के चांदमारी इलाके में 24 वर्षीय युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटककर जान दे दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। खास बात यह रही कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवती ने अपने एक युवक दोस्त को व्हाट्सएप पर मैसेज कर अपने मोबाइल का पिन कोड भेजा था।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान चांदमारी निवासी दिव्या आर्या के रूप में हुई है। वह अपनी तीन बहनों के साथ रहती थी और एमबीजी कॉलेज में ग्रेजुएशन फाइनल की छात्रा थी। परिवार की जिम्मेदारी उनकी मां पर थी, जो घरों में काम कर बेटियों का पालन-पोषण कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि रविवार रात दिव्या ने परिवार के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में चली गई। इसके बाद उसने अपने दोस्त को मोबाइल का पासवर्ड और पिन कोड भेजा। इस मैसेज से युवक को शक हुआ और उसने दिव्या को लगातार कॉल करना शुरू किया।
सूत्रों के मुताबिक, युवक ने करीब 40 बार कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका में वह तुरंत दिव्या के घर पहुंचा, जहां पता चला कि वह फंदे पर लटकी मिली। परिजन उसे आनन-फानन में हल्द्वानी के बेस अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दिव्या के पिता का करीब एक साल पहले बीमारी के चलते निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों से गुजर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है।
फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी हुई है। एसआई कुमकुम धनिक ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है और युवती के मोबाइल डेटा की भी जांच की जा रही है।








