बाजपुर में जलभराव के बीच PWD अधिकारी से मारपीट, भाजपा नेता ने चेहरे पर पोती मिट्टी; SDM ने भीड़ से बचाया

ऊधम सिंह नगर/बाजपुर- बाजपुर में रविवार को जलभराव की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा उस समय हिंसक हो गया, जब मौके पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग (PWD) के सहायक अधिशासी अभियंता (AEE) राजीव गौड़ को गुस्साई भीड़ ने घेर लिया। इस दौरान भाजपा नेता और पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार ने अधिकारी के चेहरे पर मिट्टी पोत दी। इसके बाद भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने अधिकारी के साथ मारपीट की।
अधिकारी को भीड़ से बचाने के लिए मौके पर मौजूद SDM ऋचा सिंह और उनका होमगार्ड आगे आए। काफी मशक्कत के बाद अधिकारी को भीड़ के बीच से बाहर निकाला गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें अधिकारी के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई दे रही है।
देर से पहुंचने पर भड़का लोगों का गुस्सा
जानकारी के मुताबिक, बाजपुर में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। रविवार सुबह से ही लोग लेवड़ा नदी के पास जुटे हुए थे। प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन PWD का कोई अधिकारी काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंचा।
करीब एक बजे AEE राजीव गौड़ मौके पर पहुंचे तो लोगों ने उनसे देर से आने और क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर जवाब मांगा। इसी दौरान अधिकारियों और लोगों के बीच बहस हो गई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई।
अधूरे लेवड़ा नदी पुल को लेकर भी नाराजगी
बाजपुर में जलभराव की समस्या नई नहीं है। लेवड़ा नदी पर बना पुराना पुल काफी नीचे होने के कारण बरसात के दौरान पानी ओवरफ्लो होकर आसपास के इलाकों में भर जाता है। स्थानीय लोग लंबे समय से यहां नए और ऊंचे पुल की मांग करते रहे हैं।
लोगों की मांग के बाद इसी साल जनवरी में PWD ने नए पुल का निर्माण शुरू किया था। दावा किया गया था कि बरसात से पहले निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, लेकिन बारिश का मौसम शुरू होने के बावजूद पुल का काम पूरा नहीं हो सका।
रविवार को पुल के आसपास पानी भरने के साथ ही इंदिरा कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप था कि यदि पुल का निर्माण समय पर पूरा कर लिया जाता तो इस बार जलभराव की स्थिति इतनी खराब नहीं होती।
भाजपा नेता ने लगाए लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप
हंगामे के दौरान भाजपा नेता राजेश कुमार ने PWD अधिकारियों पर निर्माण कार्य में लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उनका आरोप था कि सरकार विकास कार्यों के लिए धन उपलब्ध करा रही है, लेकिन अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही से सरकार की छवि खराब हो रही है।
इसी दौरान भाजपा नेता द्वारा AEE राजीव गौड़ के चेहरे पर मिट्टी पोतने का वीडियो सामने आया। वीडियो में गौड़ खुद को छुड़ाने का प्रयास करते दिखाई देते हैं। इसके बाद उनके आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट की।
SDM और होमगार्ड ने अधिकारी को भीड़ से निकाला
घटना के दौरान SDM ऋचा सिंह ने स्थिति संभालने का प्रयास किया। वह भीड़ के बीच पहुंचीं और AEE राजीव गौड़ को अपनी ओर खींचकर बाहर निकालने की कोशिश की। SDM के साथ मौजूद होमगार्ड भी अधिकारी को बचाने के लिए भीड़ के बीच पहुंचा।
काफी प्रयास के बाद होमगार्ड और SDM की मदद से अधिकारी को भीड़ से बाहर निकाला गया। इसके बाद SDM ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया।
AEE ने पुलिस को दी तहरीर
घटना के बाद PWD के AEE राजीव गौड़ ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने कुछ लोगों पर अभद्रता करने और उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
वहीं, भाजपा नेता की ओर से PWD अधिकारियों पर लगाए गए भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोपों को लेकर भी मामला चर्चा में है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के वीडियो के आधार पर भी पुलिस मामले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
बाजपुर में हुई इस घटना ने एक ओर जहां क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या को सामने ला दिया है, वहीं दूसरी ओर अधूरे पुल के निर्माण और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं।








