यहाँ अज्ञात वाहन की टक्कर से बिंदुखत्ता निवासी युवक की मौत, परिवार में कोहराम

लालकुआं न्यूज़- पंतनगर से ड्यूटी कर अपने घर लौट रहे एक युवक की नगला बाईपास के समीप सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद जहां परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिंदुखत्ता के सुभाष नगर निवासी भुवन जोशी (42 वर्ष) पंतनगर स्थित एक कैंटीन में कार्यरत थे। मंगलवार देर शाम वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही वह नगला बाईपास के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भुवन जोशी सड़क किनारे दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पंतनगर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।
बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद चित्रशिला घाट, रानीबाग में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग अंतिम विदाई देने पहुंचे।
मृतक भुवन जोशी अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे में शामिल वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।








