हल्द्वानी में ‘पैसा दोगुना’ स्कीम का बड़ा खुलासा, GMFX Global Limited पर 39 करोड़ की ठगी का आरोप, कमिश्नर ने दिए कड़ी कार्यवाही के निर्देश

हल्द्वानी में निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। डहरिया क्षेत्र में संचालित GMFX Global Limited नामक इन्वेस्टमेंट कंपनी पर करीब ₹39 करोड़ की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगा है। कंपनी पर दो साल में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर सैकड़ों निवेशकों से पैसा जमा कराने का आरोप है।
मामले की शिकायतें सामने आने के बाद कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत स्वयं कंपनी कार्यालय पहुंचे और छापेमारी करवाई। कार्रवाई के दौरान कंपनी से जुड़े कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंपनी द्वारा निवेशकों को असामान्य रूप से अधिक रिटर्न का लालच दिया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी ही नहीं, बल्कि बैंक और परिचितों से कर्ज लेकर भी निवेश किया।
निवेश का कोई स्पष्ट आधार नहीं
जब प्रशासन ने कंपनी प्रबंधन से पूछा कि निवेशकों का पैसा कहां लगाया जा रहा है और मुनाफा किस आधार पर दिया जा रहा है, तो कंपनी की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा सका। कंपनी ने दावा किया कि पैसा शेयर बाजार और जमीन की खरीद-फरोख्त में लगाया गया है, लेकिन इसके समर्थन में कोई ठोस दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि निवेश से जुड़े एग्रीमेंट, लेन-देन और मुनाफे की जानकारी देने वाला कंपनी का ऑनलाइन पोर्टल भी नहीं खुल पाया, जिससे संदेह और गहरा गया है।
जनता दरबार से खुला मामला
यह पूरा मामला तब उजागर हुआ जब कई पीड़ित निवेशकों ने जनता दरबार में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ितों का कहना है कि अब उनकी बड़ी रकम फंसी हुई है और कंपनी की ओर से उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा।
कमिश्नर दीपक रावत ने पुलिस को मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।








