उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,
उत्तराखंड सरकार के तीन साल, 2027 में हैट्रिक के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही भाजपा, लेकिन सामने आई ये चुनौती

- आगामी पंचायत चुनाव को केंद्र में रख वर्ष 2027 के विस चुनाव की रणनीति को पहनाएगी अमलीजामा
- राज्य में वर्ष 2014 से विजय रथ पर सवार है भाजपा, आगे भी इस प्रदर्शन से आगे बढऩे की है चुनौती
देहरादून न्यूज़- वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से उत्तराखंड में अजेय बनी भाजपा के सामने अब आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के साथ ही वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में अपने पिछले प्रदर्शन से आगे बढऩे की चुनौती है।
भाजपा सरकार और संगठन अब पंचायत चुनाव को केंद्र में रखकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक के लक्ष्य को लेकर कदम बढ़ा रहे हैं। अपने दूसरे कार्यकाल के तीन साल पूरे कर चुकी सरकार और संगठन जल्द ही इसे लेकर अपनी रणनीति को धरातल पर मूर्त रूप देना शुरू करेंगे।
2014 से भाजपा विजयरथ पर सवार
उत्तराखंड की राजनीतिक तस्वीर देखें तो वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से राज्य में भाजपा विजयरथ पर सवार है। तब पार्टी ने लोकसभा की पांचों सीटें अपनी झोली में डाली। इसके बाद वर्ष 2019 और 2024 में भी उसने ये सभी सीटें अपने पास बरकरार रख इतिहास रचा। यही नहीं, वर्ष 2017 में हुए राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 70 सदस्यीय विधानसभा में 57 सीटें जीतीं।
वर्ष 2022 के विस चुनाव में पार्टी ने वह मिथक तोडऩे में कामयाबी पाई, जिसमें यह कहा जाता था कि प्रदेश में हर पांच साल में सत्ताधारी दल बदल जाता है। भाजपा ने वर्ष 2022 में विधानसभा की 47 सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। इसके अलावा नगर निकाय चुनावों में भी पार्टी ने लगातार दूसरी बार अपनी बादशाहत कायम रखी। पार्टी ने इसे राज्य में चल रहे विकास कार्यों पर जनता की मुहर करार दिया।
अब जबकि, भाजपा सरकार अपने दूसरे कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे कर चुकी है तो उसके सामने आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और फिर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने पिछले प्रदर्शन को बरकरार रखने की चुनौती है। पंचायत चुनाव अगले एक-दो माह में संभावित हैं। इसे देखते हुए सरकार और संगठन दोनों ही तैयारियों में जुट गए हैं।
पिछले पंचायत चुनाव में फहराया था परचम
पंचायत चुनाव भले ही 12 जिलों में होने हैं, लेकिन पार्टी के लिए इनके परिणाम आगामी विधानसभा चुनाव की राह भी प्रशस्त करेंगे। पिछले पंचायत चुनाव में पार्टी ने अपना परचम फहराया था। अब पंचायत चुनाव को केंद्र में रखकर भाजपा अपने लक्ष्य पर कदम बढ़ा रही है।
जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए भाजपा ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। राज्य में विकास की बयार बह रही है। यही कारण है कि जनता का भाजपा पर भरोसा है। आगामी पंचायत चुनाव में हम अपने पिछले प्रदर्शन से कहीं आगे जाएंगे। इसी के साथ वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति भी तय की जा रही है, जिसे पंचायत चुनाव के साथ ही धरातल पर मूर्त रूप देना शुरू कर दिया जाएगा। – महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा
